सुल्तानपुर। जिले में उत्कृष्ट शिक्षा की नींव रखने वाले पूर्व सांसद बाबू केदारनाथ सिंह की पुण्यतिथि सोमवार को वैदिक रीतिरिवाज से मनाई गई। कमला नेहरू भौतिक एवं सामाजिक विज्ञान संस्थान के संस्थापक बाबू केदारनाथ सिंह की 25वीं पुण्यतिथि पर परिजनों ने हवन-पूजन कर उन्हें याद किया। संस्थान के शिक्षकों और कर्मचारियों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया।
बाबू केदारनाथ सिंह के ज्येष्ठ पुत्र अरविंद सिंह, शहर विधायक विनोद सिंह, अशोक सिंह, ओमप्रकाश सिंह व परिवार के अन्य लोगाें ने वैदिक रीतिरिवाज से हवन-पूजन किया। संस्थान के प्रबंधक विनोद सिंह की पत्नी आशा सिंह, पुत्र पुलकित सिंह व पुत्री पलक सिंह ने बाबू केएन सिंह को नमन किया। संस्थान के प्रबंधक ने कहा कि गरीबी से निजात दिलाने व राष्ट्र को समृद्धिशाली बनाने के लिए सर्वश्रेष्ठ एवं बहुआयामी शिक्षा को समाज के कमजोर व निर्धन व्यक्ति तक पहुंचाना ही श्रेष्ठ व्यक्ति का सपना होता है।
संस्थान के प्राचार्य प्रो. आलोक कुमार सिंह ने कहा कि बाबू केदारनाथ सिंह सदैव बहुआयामी व उत्कृष्ट शिक्षा की लौ से बेहतर समाज निर्माण के पक्षधर रहे। आज जिले में स्थापित कमला नेहरू संस्थान व इसके शैक्षिक वटवृक्ष उन्हीं के समाज उत्थान विचारों की भौतिक परिणति है। इस मौके पर परीक्षा नियंत्रक प्रो. राधेश्याम सिंह, आईक्यूएसी निदेशक प्रो. प्रवीण कुमार सिंह, प्रो. सुशील कुमार सिंह, प्रो. बिहारी सिंह व फरीदीपुर के डायरेक्टर डॉ. महेश प्रसाद मौजूद रहे।
सर्वाधिक समय रहे सुल्तानपुर के सांसद
बाबू केदारनाथ सिंह अपने दो बार के कार्यकाल में सात साल सुल्तानपुर के सांसद रहे हैं। उनका यह रिकाॅर्ड अभी तक कोई तोड़ नहीं पाया है। हालांकि भाजपा सांसद डीबी राय भी लगातार दो बार चुनाव जीते, लेकिन उनका कुल कार्यकाल तीन साल ही रहा।