सुल्तानपुर। लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार रात कक्षा 12 की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में बाल कल्याण समिति सक्रिय हो गई है। सीडब्ल्यूसी के सदस्यों ने सोमवार को मेडिकल कॉलेज में भर्ती पीड़िता से मुलाकात की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
घर पर अकेली छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में एक आरोपी विकास यादव को जेल भेजा जा चुका है। दूसरे आरोपी कल्लू मिश्रा को अब तक पुलिस पकड़ नहीं सकी है। वारदात के बाद से छात्रा की तबीयत ठीक नहीं है। वह रह-रह कर बेहोश हो जा रही है।
सोमवार को पीड़िता का हाल जानने सीडब्लूसी की टीम मेडिकल काॅलेज पहुंची। न्याय पीठ बाल कल्याण समिति की सदस्य मजिस्ट्रेट सरिता यादव, सदस्य मजिस्ट्रेट ममता मिश्रा, सदस्य मजिस्ट्रेट ओमप्रकाश ने पीड़िता से मिलकर घटना की जानकारी ली। मनोचिकित्सक ने बताया कि पीड़िता की मनोस्थिति अभी ठीक नहीं है। इलाज चल रहा है। उसे सामान्य होने में अभी समय लगेगा। लंभुआ कोतवाली प्रभारी अखंडदेव मिश्र ने बताया कि दूसरे आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें लगाई गई हैं।