मुसाफिरखाना में शारदा सहायक खंड नहर के पास जमा भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
नहर में दोस्तों के साथ स्नान कर रहा एक बालक पानी में डूब गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने बालक की तलाश में गोताखोरों को नहर में उतारा है। मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के मझना गांव निवासी मोहम्मद अली का 11 वर्षीय बेटा शाहिद अपनी मां के साथ इसी कोतवाली क्षेत्र के मझगवां गांव निवासी फरीद के घर ननिहाल आया था।
शनिवार की सुबह करीब साढ़े 10 बजे शाहिद गांव के ही कुछ दोस्तों के साथ शारदा सहायक नहर में नहाने के लिए निकला था। शाहिद नहर में दोस्तों के साथ स्नान कर रहा था। अचानक वह गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते शाहिद पानी में डूब गया। दोस्तों ने भागकर इसकी सूचना उसके परिवारीजनों को दी।
यह सुनते ही शाहिद के परिवार में कोहराम मच गया। आनन-फानन में गांव के सैकड़ों लोग नहर की तरफ दौड़े। ग्रामीणों की सूचना के बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने शाहिद की तलाश में गोताखोरों को नहर उतारा है। एसडीएम ने नहर का पानी भी बंद कराया, लेकिन शाहिद का पता नहीं चल सका।