सुल्तानपुर। छावनी मोहल्ले में शुक्रवार की रात पंखे में उतरे करंट की चपेट में एक बच्चा आ गया। परिवारीजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिवारीजन बच्चे को लेकर अस्पताल जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई।
दोस्तपुर थाना क्षेत्र के छावनी मोहल्ले में दीपराज सोनकर का मकान है। शुक्रवार की रात दीपराज का पांच वर्षीय पुत्र सोनू घर में खेल रहा था। इस बीच एक फर्राटा फैन चल रहा था। अचानक सोनू ने पंखे को छू लिया। पंखे में करंट उतर रहा था, जिससे सोनू उसकी चपेट में आ गया।
परिवारीजन सोनू को आनन-फानन में लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सोनू को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिवारीजन सोनू को लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।