धम्मौर थाना क्षेत्र के मूसेपुर लाखीपुर गांव में बुधवार शाम ट्रांसफार्मर में लगी आग की चपेट में आकर छह बच्चों समेत नौ लोग झुलस गए थे। जिला अस्पताल से डॉक्टरों ने चार बच्चों समेत पांच लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया था।
लखनऊ में इलाज के दौरान गुरुवार को एक बच्चे की मौत हो गई। देर शाम जब उसका शव घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। धम्मौर थाना क्षेत्र के मूसेपुर लाखीपुर गांव स्थित ट्रांसफार्मर में बुधवार की शाम आग लगने से वो दग गया था। उसका खौलता हुआ तेल आसपास मौजूद बच्चों व अन्य लोगों पर जा गिरा था।
तेल से गांव की बिब्बो (16), पूजा (8), शहर बानो (4) व पुत्र समीर (3), सरताज अली (45), मंगीता (16), विकास (10), सुमित (10), साहिल (10) बुरी तरह झुलस गए थे। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां से बिब्बो, शहरबानो, समीर, विकास, साहिल की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया था।
बृहस्पतिवार को लखनऊ में उपचार के दौरान मूसेपुर लाखीपुर निवासी अकबर के पुत्र साहिल की मौत हो गई। अधिशासी अभियंता बालकृष्ण ने लाखीपुर में हुई घटना के जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने एसडीओ शहर को प्रकरण की जांच सौंपी है। बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद उसे विद्युत सुरक्षा निदेशालय भेजा जाएगा।