जयसिंहपुर (सुल्तानपुर)। बाल विकास पुष्टाहार विभाग को 25 साल बाद अपना भवन मिलने जा रहा है। भवन का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। फिनिशिंग का कार्य चल रहा है।
जयसिंहपुर में बाल विकास परियोजना का संचालन लगभग 25 वर्ष पहले शुरू हुआ था। क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं से लेकर छह वर्ष तक के बच्चों की देखभाल करने वाले महकमे ने किराए के भवन में 25 वर्ष गुजार दिए। ब्लॉक मुख्यालय के आसपास किराए का कमरा नहीं मिलने से पांच किलोमीटर दूर परियोजना कार्यालय बरौंसा में निजी भवन के दूसरे तल पर संचालित किया जाता था। यहां न तो आंगनबाड़ी कर्मियों के बैठने के लिए कोई इंतजाम और न ही जगह थी। मुख्यालय पर होने वाली मासिक बैठक में शिफ्टवार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बुलाया जाता था।
आईसीडीएस विभाग ने कार्यालय का भवन बनाए जाने के लिए 29.16 लाख रुपये स्वीकृत किए। विभाग को जयसिंहपुर डाकखाना के पास ही जमीन आवंटित की गई। भवन निर्माण का ठेका यूपीपीसीएल को दिया गया। भवन निर्माण के लिए अप्रैल में शिलान्यास किया गया था। कार्यालय में सीडीपीओ कक्ष, बड़े बाबू कक्ष, बैठक कक्ष, मीटिंग हॉल व टॉयलेट का निर्माण किया जाना है। निर्माण इकाई ने तय समय के पहले ही कार्य लगभग पूरा कर लिया है। जल्द ही मुहूर्त देखकर बाल विकास कार्यालय अपने नए भवन में शिफ्ट होगा।
निर्माण इकाई ने भवन हैंडओवर के लिए नहीं दिया पत्र
सीडीपीओ राजकुमार ने बताया कि निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। बीच-बीच में निरीक्षण भी किया जा रहा है। अभी निर्माण इकाई ने भवन हैंडओवर करने के लिए कोई पत्र नहीं दिया है। पत्र मिलने के बाद भवन का निरीक्षण कराकर ही हैंडओवर लिया जाएगा।