दो दिन पूर्व रास्ते में टूटकर गिरे बिजली के तार में उतरे करंट से हुई बालक की मौत के मामले में पुलिस ने बाबा की तहरीर पर पावर कार्पोरेशन के जेई समेत दो लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है। मामला पीपरपुर थाना क्षेत्र के कुतुबपुर गांव से जुड़ा है।
पीपरपुर थाना क्षेत्र के कुतुबपुर गांव निवासी संजय पांडेय का नौ वर्षीय पुत्र रजत पांडेय बीते बुधवार की शाम करीब चार बजे गांव में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। रास्ते में रजत कई दिनों से विद्युत पोल से टूटकर गिरे तार की चपेट में आ गया। करंट से रजत की मौके पर ही मौत हो गई थी।
गुरुवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिवारीजनों ने पावर कॉर्पोरेशन के जेई और लाइनमैन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया था। उच्चाधिकारियों के आदेश पर पुलिस ने पावर कॉर्पोरेशन के जेई रंजीत रावत साउथ फीडर सुल्तानपुर और लाइन मैन समर बहादुर सिंह के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।
कुतुबपुर गांव वालों ने बताया कि गांव में बिजली के पोल से बीते 11 जून को तार टूटकर गिरा था। पावर कॉर्पोरेशन के जेई व लाइन मैन को इसकी सूचना दी गई थी। लेकिन तार को पोल से नहीं जोड़ा गया था और न ही सप्लाई ही बंद की गई।