अमर उजाला की ओर से आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से सम्मानित होकर जिले में पहुंचे मेधावी जोश से लबरेज नजर आए। मेधावियों ने अमर उजाला की पहल की सराहना की। मेधावियों ने कहा कि सीएम के हाथों सम्मानित होकर उनमें नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
कादीपुर के सरस्वती विद्या मंदिर झारखंड की छात्रा दीपशिखा शुक्ला ने कहा कि अमर उजाला का कार्यक्रम बहुत सराहनीय रहा। मुख्यमंत्री के हाथों मिला यह सम्मान जीवन भर नहीं भूलेगा। उसका टार्गेट अगली परीक्षाओं में भी खास करने का है।
कहा कि गणित वर्ग से इंटरमीडिएट करने के बाद बीएससी करूंगी। उसके बाद सिविल सर्विस की तैयारी करूंगी। प्रधानाचार्य बांके बिहारी पांडेय और पिता राम सहाय शुक्ल ने भी अमर उजाला के कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन भी होगा। अमेठी के श्री जंगबहादुर सिंह इंटर कॉलेज ककवा से इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करने वाली टॉपर मानसी ओझा ने भी अमर उजाला के कार्यक्रम की सराहना की।
मानसी ने कहा कि समाचार पत्र की ओर से मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित किया जाने वाला यह कार्यक्रम प्रशंसनीय है। मुख्यमंत्री की ओर से मेडल और प्रमाणपत्र प्राप्त करना गौरव की बात है। मेधावियों को सम्मान समारोह में साइकिल का कूपन भी मिला है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से मेधावियों को साइकिलें दी जाएंगी।