सुल्तानपुर। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सहाबागंज के पास डेराबस्सी ढाबे पर अनधिकृत रूप से खड़ी रोडवेज बस की जांच करने पहुंचे एआरएम पर रविवार की देर रात ढाबा संचालक ने गुर्गों समेत हॉकी-डंडे से हमला कर दिया।
एआरएम को बचाने दौड़े उनके चालक की भी हमलावरों ने पिटाई कर दी। घटना के वक्त मौजूद यातायात निरीक्षक भाग निकले। पुलिस ने एआरएम की तहरीर पर ढाबा संचालक समेत नौ के खिलाफ केस दर्ज किया है।
परिवहन निगम सुल्तानपुर के एआरएम अरविंद कुमार यादव रविवार की रात में यातायात अधीक्षक अशोक कुमार तिवारी, सहायक यातायात निरीक्षक जय प्रकाश सिंह व सिद्धनाथ तिवारी व चालक संजय यादव के साथ लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सहाबागंज के पास बसों की जांच करने पहुंचे थे।
एआरएम ने डेराबासी ढाबे के पास अनधिकृत रूप से खड़ी रोडवेज बसों की जांच करने लगे। इस दौरान ढाबा मालिक मोहम्मद इस्माइल, उसका बेटा मोहम्मद इमरान व मोहम्मद रिजवान और सहयोगी जयराम वर्मा के साथ ही चार-पांच अन्य लोग वहां पर हॉकी-डंडा लेकर पहुंच गए।
ढाबा मालिक समेत अन्य लोगों ने एआरएम पर हॉकी व डंडे से हमला कर दिया। एआरएम को बचाने के लिए उनका चालक संजय यादव पहुंचा तो हमलावरों ने उसे भी जमकर पीटा।
एआरएम पर हुए हमले के दौरान मौजूद यातायात अधीक्षक और सहायक यातायात निरीक्षक मौके से भाग निकले। सूचना के बाद रात में पहुंची पुलिस ने घायल एआरएम और चालक को भेटुआ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
जहां पर चिकित्सकों ने घायलों का मेडिकल परीक्षण किया। इस बाबत थानाध्यक्ष धम्मौर न बताया कि एआरएम की तहरीर पर ढाबा संचालक समेत चार नामजद व पांच अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
सुल्तानपुर। एआरएम अरविंद कुमार यादव ने बताया कि वे प्रमुख सचिव के निर्देश पर हाईवे पर चलने वाली रोडवेज बसों की अनधिकृत रूप से संचालित ढाबों पर रुकने की मिल रही शिकायतों को देखते हुए रविवार की रात में स्टाफ के साथ चेकिंग के लिए पहुंचे थे। चेकिंग के दौरान ढाबा संचालक व उसके समर्थकों ने जानलेवा हमला किया और गोली मारने की धमकी दी।
सुल्तानपुर। सोमवार की सुबह एआरएम अरविंद यादव व रोडवेज बस स्टेशन इंचार्ज अजय सिंह ने पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार से मिलकर घटना की जानकारी दी। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसओ धम्मौर को तत्काल आरोपियों को गिरफ्तार करने का आदेश दिया।
सुल्तानपुर। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुल्तानपुर डिपो से प्रत्येक दिन 40 बसें चलती हैं। परिवहन निगम ने इस मार्ग पर इन्हौना-हैदरगंज के बीच चिलौली में बसों के रुकने का अनुबंध किया है।
यहीं पर बसों को यात्रियों को चाय-पानी कराने के लिए रोका जाता है। रोडवेज बसों के ड्राइवर व कंडक्टर इस ढाबे पर बसों को नहीं रोककर अपने सेटिंग वाले ढाबों पर रोकते हैं। बताया जाता है कि इन ढाबों पर ड्राइवर व कंडक्टर को फ्री में खाने-पीने का सामान तो मिलता ही है और रकम भी दी जाती है।
सुल्तानपुर। चेकिंग के दौरान एआरएम व चालक पर हुए जानलेवा हमले की जानकारी मिलने पर सोमवार को आरएम फैजाबाद धर्मेंद्रनाथ सुल्तानपुर पहुंचे।
उन्होंने अमहट स्थित वर्कशाप में घटना के संबंध में एआरएम अरविंद कुमार यादव, चालक एवं अन्य स्टाफ का बयान दर्ज किया। बताया कि जांच के बाद चालक-परिचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।