सुल्तानपुर। जिले के दो विकास खंडों से गुजरी दो छोटी नदियों पर चेकडैम बनाया जाएगा। चेकडैम से पानी का बहाव रुकने पर आसपास के किसानों को सिंचाई की सुविधा मिल सकेगी। इससे भू-जलस्तर को बरकरार रखने में मदद मिलेगी।
लघु सिंचाई विभाग के प्रस्ताव पर जिला योजना के तहत दोस्तपुर से गुजरी मझुई नदी पर खालिसपुर डींगुर ग्राम पंचायत में नदी पर चेकडैम बनाने की मंजूरी मिली है। इसके निर्माण के लिए 40 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। इसमें सात लाख रुपये मनरेगा अंश भी शामिल है।
अखंडनगर के पतजू पहाड़पुर से गुजरी कुवर नदी पर एक चेकडैम बनाया जाएगा। इसके लिए 36 लाख रुपये स्वीकृत हुआ है। मनरेगा का छह लाख रुपये अंश शामिल किया गया है। दोनों चेक डैम का निर्माण लघु सिंचाई विभाग की ओर से किया जाएगा। लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता मंगल यादव ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। शासन से धनराशि जारी होते निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। बताया कि चेकडैम से आसपास के लोगों को लाभ मिलेगा।