अखंडनगर सीएचसी अधीक्षक का इलाज करता स्वास्थ्यकर्मी। स्रोत-ग्रामीण
अखंडनगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को ओपीडी में मरीजों को देख रहे सीएचसी अधीक्षक पर युवक ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमलावर ने कार्यालय में रखे सरकारी रजिस्टर फाड़ दिए और बीपी मशीन समेत अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिया।
वारदात से सीएचसी परिसर में अफरातफरी मच गई। घटना के विरोध में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने करीब दो घंटे तक स्वास्थ्य सेवाएं बंद रखीं। इससे मरीज और तीमारदार भटकते रहे। पुलिस ने स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घटना में प्रयोग की गई लोहे की रॉड भी मिली है।
अखंडनगर सीएचसी अधीक्षक डॉ. सत्येंद्र कुमार सिंह के मुताबिक बुधवार सुबह 10:30 बजे वह ओपीडी में मरीजों को देख रहे थे। इसी दौरान प्राणनाथपुर बछेड़िया निवासी सचिन गौड़ ओपीडी में पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि मना करने पर उसने लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर चिकित्सक को बचाया।
आरोप है कि युवक ने अधीक्षक के कार्यालय में रखे सरकारी रजिस्टर फाड़ दिए और सरकारी बीपी मशीन सहित अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद हमलावर मौके से भाग निकला। ओपीडी में हमले से मरीजों व तीमारदारों में दहशत फैल गई। घटना के विरोध में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने करीब दो घंटे तक स्वास्थ्य सेवाएं बंद रखीं। सीएचसी अधीक्षक की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने दोपहर 1:40 बजे आरोपी सचिन गौड़ को महमूदनगर चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी मिल गई है। क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।