सुल्तानपुर। जिला स्वास्थ्य समिति की शासी निकाय की बैठक में आयुष्मान भारत योजना की हालत खराब मिली। योजना की प्रगति ठीक नहीं होने पर डीएम ने एक सीएचसी प्रभारी के निलंबन के लिए शासन को पत्र लिखने के साथ चार प्रभारियों का एक माह का वेतन रोकने का निर्देश दिया है। साथ ही एक कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाने के लिए कहा है।
बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम ने जिला स्वास्थ्य समिति के शासी निकाय समिति की बैठक की। बैठक में समीक्षा के दौरान कादीपुर, दूबेपुर, मोतिगरपुर, धनपतगंज व कूरेभार में आयुष्मान भारत योजना के तहत बनाए जा रहे गोल्डन कार्ड की प्रगति बेहद खराब पाई गई।
प्रगति खराब मिलने पर डीएम सी. इंदुमती ने कादीपुर सीएचसी प्रभारी को निलंबित करने के लिए पत्र लिखने का निर्देश सीएमओ को दिया। साथ ही दूबेपुर, धनपतगंज, कूरेभार व मोतिगरपुर के सीएचसी प्रभारियों का एक माह का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
अनुपस्थित चल रहे कूरेेेभार के कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है। बैठक में सीएमओ डॉ. सीबीएन त्रिपाठी, सीएमएस डॉ. वीबी सिंह, सीएमएस महिला डॉ. उर्मिला चौधरी आदि मौजूद रहे।
जनता दर्शन में डीएम ने बांटे कंबल
सुल्तानपुर। जिले में भीषण शीतलहर को देखते हुए डीएम ने स्वयं कंबल वितरण करना शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार को कार्यालय में जनता दर्शन के दौरान डीएम सी. इंदुमती ने ठंड से परेशान कई गरीबों को कंबल वितरित किया। उन्होंने उप जिलाधिकारियों को गरीबों को ठंड से बचाने के लिए कंबल वितरित करने का निर्देश दिया है।