डाला छठ के लिए वेदी तैयार करतीं महिलाएं।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। सूर्य की उपासना के महापर्व डाला छठ को लेकर आदि गंगा गोमती का सीताकुंड घाट शनिवार को सजकर तैयार हो गया। घाट पर रविवार और सोमवार को पूजा की धूम रहेगी। पूजा के आकर्षण को देखने के लिए घाट पर हजारों लोगों की भीड़ उमड़ती है। चार दिवसीय पर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना (छोटी छठ) मनाई गई। इसके साथ ही सीताकुंड घाट पर वेदी के रंग-रोगन का कार्य भी पूरा हो गया है।
पति की दीर्घायु और संतान सुख की कामना के पर्व डाला छठ के दूसरे दिन शनिवार को लोगों ने घरों में विशेष पूजा कर खरना (छोटी छठ) मनाई। रविवार से दो दिनों तक सीताकुंड घाट पर त्योहार को लेकर रौनक रहेगी। शनिवार को सीताकुंड घाट पर जरूरी तैयारियां पूरी की गईं। पर्व में 36 घंटे तक निर्जला व्रत रख महिलाएं विधि विधान से सूर्य भगवान की आराधना करती हैं। शनिवार शाम तक सीताकुंड घाट पर वेदी के रंग-रोगन का कार्य भी लोगों ने पूरा कर लिया। घाट व परिसर की साफ-सफाई कराई गई।