सुल्तानपुर। दलित उत्पीड़न के मामले में पुलिस ने सगे भाइयों के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी है। स्पेशल जज एससी/एसटी एक्ट राकेश यादव ने दोनों आरोपियों के खिलाफ समन जारी करने का आदेश दिया है। मामले में अगली सुनवाई चार मई को होगी। मामला कोतवाली नगर के तुराबखानी गांव से जुड़ा है।
गांव निवासी दलित जगरूप 26 जून 2020 को अपने दरवाजे पर खड़ा था। तभी वहां पहुंचे गांव के ही दो सगे भाई उसके आने जाने वाले रास्ते को खोदने लगे थे। मना करने पर आरोपियों ने उसके घर में घुसकर मारा-पीटा था। गुहार पर उसके बचाव के लिए दौड़े पुत्र संदीप व भतीजे दिलीप को भी आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया था।
पुलिस ने जगरूप की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने और दलित उत्पीड़न के अभियोग में मुुकदमा दर्ज किया था। विवेचक सीओ सिटी सतीशचंद्र शुक्ल ने मामले की विवेचना पूरी कर दोनों आरोपियों के खिलाफ चार्जशीर्ट कोर्ट में दाखिल कर दी है।
स्पेशल जज एससी/एसटी एक्ट राकेश यादव ने पुलिस की चार्जशीट पर संज्ञान लेने के बाद आरोपी सगे भाइयों के खिलाफ समन जारी करने का आदेश दिया है। मामले में अगली सुनवाई चार मई को होगी।