सुल्तानपुर। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी वार्ड में शुक्रवार रात करीब जमकर बवाल हुआ। इलाज में देरी का आरोप लगाकर भड़के तीमारदारों ने पहले इमरजेंसी में हंगामा किया, फिर सुरक्षा गार्डों से भिड़ गए। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई और बगल में चल रहे निर्माण स्थल से ईंट-पत्थर चलने लगे। हमले में तीन सुरक्षा गार्ड समेत पांच लोग घायल हो गए। गार्डों की वर्दियां फाड़ दी गईं। हालात इतने बिगड़े कि डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ इमरजेंसी छोड़कर सीधे कोतवाली पहुंच गए। इससे करीब दो घंटे तक आपातकालीन सेवा ठप रही और मरीज इलाज के लिए तड़पते रहे।
अमेठी जिले के पीपरपुर थाना क्षेत्र के मोचवा गांव निवासी धीरेंद्र यादव शुक्रवार रात करीब 8:10 बजे अपनी 17 वर्षीय पुत्री खुशी यादव को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप था कि इमरजेंसी में समय से इलाज नहीं किया जा रहा। इसी बात को लेकर तीमारदारों ने शोर-शराबा शुरू कर दिया।
ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड कामिल परवेज ने जब उन्हें शांत कराने की कोशिश की तो मामला भड़क उठा। आरोप है कि तीमारदारों ने गार्ड की वर्दी फाड़ दी और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। साथी गार्ड विनोद कुमार सिंह और अरविंद कुमार शुक्ला बचाने पहुंचे तो उन पर भी हमला कर दिया गया। आरोप है कि अशोक यादव, धीरज यादव, अमित यादव, अंकित यादव, मोहम्मद इकरार समेत अन्य लोगों ने अस्पताल कर्मी मो. इसहाक को घेरकर पीटा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीमारदार निर्माणाधीन स्थल से ईंट-पत्थर उठाकर फेंकने लगे। अचानक हुए पथराव से मरीजों और तीमारदारों में भगदड़ मच गई। घायल गार्ड व अन्य लोग जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए। अफरातफरी के बीच भर्ती मरीजों में दहशत फैल गई।
हंगामे के बाद इमरजेंसी में तैनात ईएमओ डॉ. दीपक मिश्रा, फार्मासिस्ट विनय जायसवाल, चिकित्सक सीएल रस्तोगी समेत पूरा मेडिकल स्टाफ कोतवाली पहुंच गया। इसके चलते इमरजेंसी सेवा लगभग ठप हो गई। रात करीब 10:15 बजे डिहाइड्रेशन की शिकायत लेकर पहुंचे दूबेपुर निवासी सुनील कुमार को इलाज नहीं मिल सका और उन्हें निजी अस्पताल जाना पड़ा। कई अन्य मरीज भी बिना उपचार लौट गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह हालात काबू में किए और मरीज पक्ष के चार लोगों को हिरासत में लिया। देर रात तक कोतवाली में सीएमएस डॉ. एसी गुप्ता, एएसपी वृज नारायण सिंह और दोनों पक्षों के बीच पंचायत चलती रही। सीओ नगर सौरभ सामंत ने बताया कि ईएमओ डॉ. दिग्विजय की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। सीएमएस डॉ. एसी गुप्ता ने बताया कि इमरजेंसी वार्ड में मरीजों का इलाज करने के लिए डॉक्टर को भेजा गया है, अब मरीजों का इलाज चल रहा है।