. मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करते सीईओ मनोज कुमार सिंह। स्रोत-सूचना विभाग
सुल्तानपुर। दरियापुर लेबर चौक में श्रमिकों को एक ही स्थान पर पंजीयन, स्वास्थ्य परीक्षण सहित उपलब्ध कराई जा रहीं अन्य आवश्यक सुविधाओं का बुधवार को स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने जायजा लिया। श्रमिकों के हितों में किए जा रहे विभिन्न कार्यों की पटलवार जानकारी ली।श्रमिकों से भी बातचीत की।
लंभुआ में एक सेंटर के उद्घाटन में आए मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने लेबर मोबाइल ऐप के माध्यम से श्रमिकों के पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी ली। श्रमिकों को पंजीयन में आ रहीं दिक्कतों व समाधान के लिए उठाए गए कदम के बारे में पूछताछ की। उन्होंने जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की ओर से की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, सीडीओ विनय कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारत भूषण, सहायक श्रमायुक्त मधुवन राम, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी लाल चंद सरोज सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।