सुल्तानपुर। टी-20 विश्वकप में भारत की जीत का जश्न गांव की गलियों से लेकर शहर के चौक-चौराहों तक मनाया गया। सांसें रोक देने वाले रोमांचक मैच में अंतिम ओवरों तक जीत की उम्मीद लगाए लोग टीवी और मोबाइल पर नजर गड़ाए रहे। भारत के मैच जीतते ही लोगों ने पटाखे फोड़े और मिठाई खिलकर एक-दूसरे को बधाई दी।
बीती देर शाम हार्दिक पांड्या के अंतिम ओवर की पहली गेंद पर डेविड मिलर के आउट होने के साथ ही भारत की जीत का जश्न शुरू हो गया। जगह-जगह पटाखे फोड़कर लोगों ने एक-दूसरे को जीत की बधाई दी। शुरुआती ओवरों में ही दक्षिण अफ्रीका के दो विकेट गिरे तो क्रिकेट प्रेमी झूमने लगे। भारत के मैच जीतते ही लोगों ने पटाखे फोड़े और मिठाई खिलकर एक-दूसरे को बधाई दी।
उधर, आधी रात में लोगों ने जीत की जानकारी फोन कर दी। व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स आदि पर भी लोग जीत को लेकर बधाई देते रहे। एक्स पर टी-20 विश्वकप टॉप ट्रेंड में रहा। इंडिया-अफ्रीका मैच दूसरे, बधाई इंडिया तीसरे, विराट कोहली चौथे, बुमराह पांचवें, हार्दिक पांड्या छठे स्थान पर रहे।
भारतीय टीम के खिलाड़ियों को दी बधाई
अमेठी क्रिकेट संघ के निदेशक राजेश तिवारी ने बधाई देते हुए कहा कि विश्वकप का मुकाबला बहुत रोचक था। दोनों टीमें अभी तक एक भी मैच नहीं हारी थीं, वहीं साउथ अफ्रीका पहली बार टी-20 विश्वकप के फाइनल में पहुंचा था। भारतीय टीम तीसरी बार टी-20 वर्ल्डकप का फाइनल खेली और दूसरी बार विश्वकप जीतने में सफल रही। भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों को बधाई। युवा क्रिकेटर शुभम राय ने खुशी जताते हुए कहा कि विश्वकप जीतकर रोहित शर्मा ने साबित किया कि उनसे बेहतर कप्तान नहीं हो सकता। सभी खिलाड़ियों का प्रदर्शन अच्छा रहा। देशवासियों को विश्वकप जीतने की बधाई।