छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते मंत्री। स्रोत- सूचना विभाग
सुल्तानपुर। जिले में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के मनाया गया। सरकारी विभागों से लेकर अन्य संस्थानों व विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित हुए। विभागों, स्कूलों व अन्य जगहों पर शान से तिरंगा झंडा लहराया। शहर से लेकर गांवों तक सुबह छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी निकाली।
प्रदेश के राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार परिसर में महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के बाद राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' और राष्ट्रगान का गायन किया। परिसर में झंडारोहण करने के बाद उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित किया। पर्यावरण संरक्षण, कृषि क्षेत्र और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी प्रशस्ति पत्र दिए गए।
मंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया और युवाओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में झंडारोहण किया। पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक चारू निगम, विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने झंडा फहराया। भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने पार्टी कार्यालय, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने अपने पार्टी कार्यालय पर झंडारोहण किया।
केएनआईसीई लालडिग्गी में प्रधानाचार्य अभय कुमार ओझा व उप प्रधानाचार्य राजेश कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से झंडारोहण किया। करौंदिया स्थित केएनआईसीई में प्रधानाचार्य डॉ. एनडी सिंह की ओर से झंडारोहण किया। शेम्फोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल में प्रभातफेरी निकाली गई। सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में निदेशक संदीप जायसवाल, प्रबंधक रत्नेश सिंह व प्रधानाचार्य मीनू तहलियानी ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। ओमनगर स्थित लिटिल फ्लावर्स पब्लिक स्कूल में प्रबंधक प्रमोद कुमार पांडेय व प्रधानाचार्य शिवशंकर मिश्र ने झंडारोहण किया। कमलाकर आदर्श संस्कृत महाविद्यालय लोहरामऊ में प्रधानाचार्य डॉ. योगेश्वर शुक्ल ने झंडा फहराया।
स्टेला माॅरिस कॉन्वेंट सेकेंडरी स्कूल नारायणपुर में असिस्टेंट कमांडेंट सीआरपीएफ विनायक रंजन ने झंडा रोहण किया। प्रधानाचार्या सिस्टर मंजुला की देखरेख में बच्चों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग में छात्र-छात्राओं ने आजादी के महत्व पर अपने विचार रखे। दयानंद विद्यालय शास्त्रीनगर में प्रबंधक डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने तिरंगा फहराया। स्मार्ट चैंप्स अकादमी में उदयराज प्रजापति ने झंडारोहण किया। बाधमंडी कार्यालय से उद्योग व्यापार एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अलीमुद्दीन के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई।