मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर मुख्य विकास अधिकारी ने सोमवार को अपने सरकारी वाहन पर लगी नीली बत्ती उतरवा दी। हालांकि सीएम के आदेश का असर अभी अन्य अधिकारियों पर नहीं है। अफसर नीली बत्ती का मोह नहीं छोड़ पा रहे हैं।
पिछले दिनों प्रधानमंत्री की पहल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी वाहन से लालबत्ती उतरवा दी थी। साथ ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को नीली बत्ती व अन्य को लालबत्ती उतारने का निर्देश दिया था। हालांकि सीएम का यह आदेश एक मई से प्रभावी करने का निर्देश है। सीएम के फरमान को तुरंत गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी राम यज्ञ मिश्र ने सोमवार को विकास भवन परिसर में खड़ी अपनी सरकारी कार से नीली बत्ती उतरवा दी।
अपने सरकारी वाहन से नीली बत्ती उतरवाने वाले सीडीओ जिले के पहले अधिकारी हैं जबकि अन्य अधिकारी सीएम के आदेश से बेफ्रिक बने हैं। अफसर नीली बत्ती का मोह अभी नहीं छोड़ पा रहे हैं। 30 अप्रैल तक ही सही वे नीलीबत्ती रुतबा कायम रखना चाह रहे हैं।