सुल्तानपुर। जिला पंचायत के विकास कार्यों में गड़बड़ी व नजूल भूमि में निर्माण कराने की लोकायुक्त से शिकायत के बाद शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी अंबेडकरनगर जांच करने पहुंचे। सीडीओ के साथ पहुंचे पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता अयोध्या ने शिकायत के नौ बिंदुओं की पड़ताल की। अंबेडकरनगर सीडीओ के पहुंचने से जिला पंंचायत का मामला गरमा गया है।
लोलेपुर निवासी शिकायतकर्ता जावेद अहमद ने जिला पंचायत की ओर से लालडिग्गी के पुराने बीएसए कार्यालय में निर्माण कराने, सिरवारा रोड पर बनी मार्केट का आवंटन नहीं किए जाने सहित नौ बिंदुओं की शिकायत लोकायुक्त से की है। उन्होंने बल्दीराय के सिंघनी व कुड़वार में तालाब के निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत करते हुए लाखों रुपये फर्जी भुगतान का आरोप लगाया है। साथ ही सही जांच नहीं करने का आरोप लगाते हुए लोकायुक्त में प्रार्थना पत्र दिया है। लोकायुक्त के निर्देश पर शुक्रवार को सीडीओ अंबेडकरनगर आनंद शुक्ला, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी अयोध्या जांच करने पहुंचे।
जिला पंचायत के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ पुराने बीएसए कार्यालय, सिरवारा रोड व अन्य जगहों पर पहुंचकर कार्य की जांच की और अभिलेखों का अवलोकन किया। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी हरमीक सिंह ने बताया कि जांच करने के बाद मुख्य विकास अधिकारी वापस हो गए।