चांदा में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद का स्वागत करते लोग। संवाद
सुल्तानपुर निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कहा कि जातियों की विसंगतियों को दूर करके जातिगत जनगणना कराई जाय। उन्होंने बिहार मेें कराई जा रही जातीय जनगणना की हिमायत की। संजय निषाद ने बुधवार को चांदा के मदारडीह गांव में आयोजित कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जातिगत गणना से सभी को हक मिल सकेगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पूर्व की बसपा, कांग्रेस व सपा सरकार ने मछुुुआ समाज के लोगों को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया। उन्हें हक देने के बजाय बरगलाया गया। उन्होंने समाज के लोगों को उद्यम करो, विचारधारा को समझो व सशक्त बनो का मंत्र दिया। समाज के लोगों से एक सशक्त प्रदेश बनाने की अपील की। इसके पहले पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने प्रदेश के ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के आयोजन को लेकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व गृहमंत्री के प्रयासों की सराहना की।
संजय निषाद ने कहा कि प्रदेश में निवेश का अच्छा माहौल तैयार हुआ है। ऐसे में देश के ही नहीं बल्कि दुनिया के निवेशक निवेश करने के लिए आतुर हैं। बताया कि गरीब कल्याण के लिए गांव मेें निचले पायदान पर बसने वाले लोगों के उत्थान के लिए मत्स्य विभाग तीन से 10 पैसे में मत्स्य बीज उपलब्ध कराएगा। तीन महीने के बाद मत्स्य विभाग ही तीन रुपये में मत्स्य बीज खरीद लेगा। योजना से गरीब परिवारों का कल्याण होगा। कैबिनेट मंत्री का जिलेभर में जगह-जगह स्वागत हुआ। इस मौके पर सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, राजेश निषाद, एमपी गौतम समेत अन्य मौजूद रहे।