एटीएम पर धन निकासी की लिमिट बढ़ा दी गई है लेकिन कैश लोड करने की व्यवस्था नहीं की जा सकी। शहर व ग्रामीण अंचल में स्थित कई एटीएम कैशलेस रहे। जिन एटीएम पर कैश रहा, वहां सिर्फ दो हजार और चार हजार रुपये की ही निकासी की जा सकी। एटीएम कार्डधारक 500-1000 रुपये तक का भुगतान नहीं पा सके।
आरबीआई की ओर से रविवार को एटीएम से धन निकासी की लिमिट बढ़ाने के बाद लोगों की भीड़ तो उमड़ी, लेकिन उन्हें जरूरत के मुताबिक कैश नहीं मिल सका। अवकाश को लेकर बैंकों के बंद होने से एटीएम पर लोग धन निकासी के लिए पहुंचे। ऐसे में शहर के कई एटीएम के शटर बंद रहे। नगर के गोलाघाट स्थित आईसीआईसीआई बैंक, बस स्टेशन के निकट स्थित बॉब, एचडीएफसी बैंक, इलाहाबाद बैंक, सेंट्रल बैंक, विजया बैंक, कुड़वार नाका रोड स्थित पीएनबी, एक्सिस बैंक, नार्मल चौराहा स्थित टाटा इंडीकैश, आईडीबीआई, बाधमंडी स्थित एसबीआई, दरियापुर स्थित देना बैंक, पंचरास्ता स्थित बॉब के एटीएम पर ताला लटका रहा। इस वजह से खाताधारकों को इन एटीएम पर भुगतान नहीं मिल सका।
शहर के रोडवेज स्थित एसबीआई, एक्सिस के एटीएम पर कैश लोड किया गया। इन एटीएम पर सिर्फ 2000 रुपये का नोट ही लोड किया गया था। एटीएम कार्डधारक यहां से सिर्फ दो हजार और चार हजार रुपये की ही निकासी कर सके। 500-1000 रुपये की धन निकासी नहीं की जा सकी। गौरतलब है कि एटीएम पर पिछले दिनों 500 व 100 रूपये के नोट लोड किए गए थे। लिमिट बढ़ाने के बाद 500 व 100 रुपये के नोट न लोड होने के चलते लोग 1000-500 रुपये तक की निकासी नहीं कर सके। इस वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।