मोतिगरपुर। शाहपुर लपटा निवासी अनंत प्रसाद शुक्ल के मकान को शनिवार रात चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर 47 हजार रुपये नकदी,जेवर सहित करीब पांच लाख का सामान पार कर दिया। चोरी का पता लोगों को रविवार सुबह चला।
अनंत प्रसाद शुक्ल ने बताया कि शनिवार को वह सुल्तानपुर गए थे। रात में सौरमऊ के पास लंबरदार का पूरवा स्थित अपने मकान पर रुके थे। चोरों ने शाहपुर लपटा स्थित उनके पैतृक मकान को निशाना बनाया। घर के बरामदे में लगे गेट का ताला तोड़कर कमरों में घुसे चोरों ने नकदी, जेवरात, साड़ियां व अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। रविवार सुबह नौ बजे पड़ोसियों ने फोन कर उन्हें घर में चोरी होने की जानकारी दी। घर पहुंचने पर ताला टूटा और सामान बिखरा मिला। उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित ने चोरी में पांच लाख रुपये के नुकसान की बात कही है। मोतिगरपुर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्रतापगंज बाजार में घर में चोरी
भदैंया। कोतवाली देहात के प्रतापगंज बाजार में चोरों ने एक घर को निशाना बना लिया। रामनगर बनकट निवासी अशोक विश्वास की प्रतापगंज बाजार में दुकान व मकान है। अशोक विश्वास 13 सितंबर को अपनी पत्नी उर्मिला के साथ मुंबई इलाज कराने गए हैं। उन्होंने अपने प्रतापगंज स्थित घर की जिम्मेदारी उर्मिला के भतीजे व प्रतापगढ़ पट्टी निवासी निथार राय को दी है। निथार राय ने बताया कि रविवार सुबह वह अपने बुआ के घर पहुंचा। ताला खोलने पर घर का सारा सामान बिखरा मिला। कमरों के ताले भी टूटे थे। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।