गोसाईगंज (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गौरा गांव के पास सात फरवरी की रात कंटेनर से मछली भरा मिनी ट्रक टकरा गया था। दुर्घटना में चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी। हादसे में देवरिया के रुद्रपुर के मछली विक्रेता ने हादसे के लिए ट्रक चालक को जिम्मेदार ठहराते हुए केस दर्ज कराया है।
देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के खजुहा गांव निवासी विनोद साहनी ने गोसाईगंज थाने में बुधवार को तहरीर दी। उनकी रुद्रपुर बाजार में मछली बेचने की दुकान है। उन्होंने मछली लाने के लिए गोवर्धन प्रसाद निवासी माफी छपौली थाना रुद्रपुर जिला देवरिया को रखा था। विनोद के कहने पर गोवर्धन प्रसाद साजापुर मध्य प्रदेश से एक ट्रक में मछली लोड कराकर सात फरवरी को रूद्रपुुर जाने के लिए निकला था।
आरोप है कि गौरा गांव के पास रात्रि करीब 11.10 बजे चालक की लापरवाही से मछली से भरा ट्रक अज्ञात वाहन से टकरा गया। दुर्घटना में गोवर्धन प्रसाद, मिनी ट्रक चालक बन्ने सिंह व खलासी तेजूलाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गोवर्धन प्रसाद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कूरेभार ले जाया गया। जहां उनकी मौत हो गई। ट्रक चालक बन्ने सिंह व खलासी तेजूलाल की भी मौत हो गई। उन्होंने घटना के लिए मिनी ट्रक चालक को जिम्मेदार ठहराते हुए गोसाईगंज थाने में केस दर्ज कराया है।