सुल्तानपुर। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामला कोतवाली नगर के गोराबारिक अमहट से जुड़ा है।
गोराबारिक अमहट निवासी हसन मोहम्मद ने विपक्षियों के खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए कोर्ट में अर्जी दी थी। पिछले दिनों अदालत ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया था। अदालत के आदेश पर पुलिस ने रविवार को आरोपी मोहम्मद सज्जाद, मोहम्मद अबरार हुसैन, कमर अब्बास, हसन अब्बास, कल्वे अब्बास व इमरान हैदर के खिलाफ जानलेवा हमला समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है।
हसन मोहम्मद का कहना है कि उनका पुराना मकान गोराबारिक में स्थित है। मकान जर्जर हो जाने के कारण वह नया मकान बनवा रहे थे। उनका आरोप है कि 11 जून 2022 को आरोपियों ने लाठी-डंडा, सरिया व असलहा से लैस होकर हमला कर दिया था। हसन मोहम्मद की गुहार पर बचाव के लिए दौड़ी पत्नी महशरी बेगम व भतीजे को भी मारपीट कर चोटें पहुंचाईं थीं। पुलिस के केस न दर्ज करने पर हसन मोहम्मद ने कोर्ट में अर्जी दी थी।