लंभुआ। छात्रा को अगवा कर उसके साथ छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने केस केस दर्ज कर लिया है। लंभुआ क्षेत्र की एक छात्रा शहर के एक कॉलेज में पढ़ती है। रोजाना की तरह वह शनिवार सुबह कॉलेज जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुई।
आरोप है कि इसी दौरान लंभुआ नपं के रामनगर सभासद सचिन अग्रहरि, उनका सगा भाई मुकेश अग्रहरि व तीन अन्य ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। कोतवाली देहात के दोमुंहा के पास चलते ऑटो से उसका मोबाइल छीन लिया। छात्रा जब कॉलेज से लौटने लगी तो आरोपी फिर मिल गए। रास्ते में उसे जबरन गाड़ी पर बैठाने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे मारपीट कर जबरन गाड़ी में बैठा लिया। आरोपियों ने एकांत स्थान पर ले जाकर अभद्रता व छेड़खानी की। किसी तरह वह घर पहुंची, और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
देर रात तक लंभुआ पुलिस मामले में टाल-मटोल करती रही तो पीड़ित परिजनों ने आईजी अयोध्या को इसकी जानकारी दी। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। देर रात पीड़िता की तहरीर पर सभासद सचिन अग्रहरि, उनके भाई मुकेश अग्रहरि व तीन अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।
प्रभारी निरीक्षक संदीप राय ने बताया कि मुकेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभासद सचिन अग्रहरि की तलाश की जा रही है। तीन अज्ञात लोगों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।