सुल्तानपुर। सात माह पहले कार से कुचलकर युवक की हत्या के चर्चित मामले की सुनवाई अब एडीजे प्रथम संध्या चौधरी की अदालत में होगी। जिला जज सुनील कुमार ने मुकदमा इस कोर्ट में स्थानांतरित कर दिया है। आरोपियों पर आरोप तय करने के लिए अदालत ने पांच अगस्त की तारीख तय की है।
अभियोजन के अनुसार दोस्तपुर थाना क्षेत्र के गोसैसिंहपुर धरमपुर गांव निवासी उपेंद्र नारायण तिवारी का गांव के ध्रुव नारायण तिवारी से जमीन के लिए विवाद चल रहा था। आरोप है कि एक दिसंबर 2025 को ध्रुव की पत्नी प्रियंका ने विवाद सुलझाने के लिए उपेंद्र को घर बुलाया। इसी दौरान वहां पहुंचे ध्रुव नारायण ने लाठी लेकर उपेंद्र को दौड़ा लिया। आरोप है कि उसी समय उपेंद्र के भाई वीरेंद्र नारायण तिवारी पर इंद्रकेश तिवारी ने कार चढ़ा दी। गंभीर रूप से घायल वीरेंद्र की इलाज के दौरान मौत हो गई।
इस मामले में उपेंद्र नारायण की तहरीर पर इंद्रकेश तिवारी उर्फ अंकुर, हेमंत तिवारी और ध्रुव नारायण तिवारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विवेचना के बाद पुलिस ने इंद्रकेश तिवारी और हेमंत तिवारी के खिलाफ आरोपपत्र अदालत में दाखिल किया।