कुड़वार/अलीगंज। थाना क्षेत्र कुड़वार के मिठनेपुर गांव में बृहस्पतिवार दोपहर विद्युत स्पर्शाघात से हुई किशोर की मौत मामले में टेंट व्यवसायी व विद्युत कर्मियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस शुक्रवार को दर्ज हुआ।
मिठनेपुर गांव निवासी राम पियारे का आरोप है कि उनके गांव के जाबाज का टेंट हाउस गांव के ही प्राइमरी स्कूल के पास स्थित है। आठ फरवरी की सुबह जाबाज बाइक लेकर उनके घर आया था। वह उसके बेटे सचिन को जबरदस्ती अपने साथ बाइक पर बिठाकर टेंट हाउस चला गया। वहां ले जाकर वह सचिन से जबरदस्ती काम करवाने लगा। इसी बीच वह करंट लगने से झुलस गया। इससे उसकी मौत हो गई।
उन्होंने घटना के लिए विद्युत कर्मियों को भी जिम्मेदार ठहराया है। कुड़वार थाने के प्रभारी निरीक्षक गौरीशंकर पाल ने बताया कि टेंट हाउस के संचालक व बिजली विभाग के कर्मियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।