पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रक में घुसी कार
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
यूपी के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दहपेल का पुरवा मजरे गुमानीगंज के पास बृहस्पतिवार भोर एक कार पहले से खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। दुर्घटना में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यूपीडा के कर्मचारियों ने घायलों को संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज पहुंचाया। वहां से चिकित्सक ने उन्हें मेडिकल कॉलेज, अयोध्या के लिए रेफर कर दिया।
बलिया के बांसडीह रोड निवासी भीष्म सिंह (56), पत्नी किरन सिंह (54), पुत्री श्रेया सिंह (24), अंकित सिंह (32) व सुमन सिंह (60) निवासी मोहल्ला गोइसपुरा, गाजीपुर के साथ कार से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते लखनऊ से बलिया जा रहे थे। कार अंकित सिंह चला रहे थे। वे सुबह 5.30 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर अयोध्या जिले के कुमारगंज थाने के पूरे दहपेल का पुरवा मजरे गुमानीगंज के पास पहुंचे थे। तभी कार पहले से खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखचे उड़ गए। कार सवार भीष्म सिंह की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यूपीडा कर्मियों ने घायलों को संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मेडिकल कॉलेज अयोध्या रेफर कर दिया। कुमारगंज व स्थानीय पुलिस ने हादसे की सूचना परिजनों को देने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुल के पिलर से टकराया बेकाबू डंपर... चालक घायल
अयोध्या-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हलियापुर के पास जगदीशपुर की तरफ से गिट्टी लेकर आ रहा डंपर बृहस्पतिवार भोर लगभग चार बजे अनियंत्रित हो गया। डंपर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के ओवर ब्रिज के नीचे खड़े वाहन को चपेट में लेते हुए दाहिनी तरफ पुल के पिलर से टकरा गया।
हादसे में चालक नवनीत पांडेय (40) निवासी कूढ़ा, थाना शिवगढ़, जिला रायबरेली गंभीर रूप से घायल हो गए। एनएचएआई के सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें सौ शैय्या अस्पताल कुमारगंज में भर्ती कराया है। खलासी राज कुमार निवासी नियामतपुर थाना दरियाबाद, जिला बाराबंकी को हल्की चोटें आई हैं।