सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से कार टकरा गई। हादसे में महिला की मौत हो गई। जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यूपी के सुल्तानपुर में हलियापुर थाना क्षेत्र के बड़ाडाड में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक कार खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई। जबकि छह लोग घायल हैं। घायलों को सीएचसी कुमारगंज में भर्ती कराया गया है। कार सवार लोग दिल्ली से बिहार जा रहे थे।
विज्ञापन
बताया गया कि बिहार के समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर गांव निवासी नवनीत (19) अपने परिवार के साथ दिल्ली से बिहार जा रहे थे। उनके साथ भाई विपिन (25), हिमांशु (21), बहन कुमारी जया (17), माता नीलू (55) और साथी प्रेम (23) थे। कार को कन्नौज जिले के सौरिक थाना क्षेत्र के खेड़ा रायपुर निवासी दीपू चला रहा था।
चालक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है
कार पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किमी संख्या 85 के पास खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यूपीडा कर्मियों की मदद से सभी घायलों को एम्बुलेंस से कुमारगंज सीएचसी पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने नीलू (55) को मृत घोषित कर दिया। चालक दीपू की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। अन्य घायलों का उपचार जारी है।