जयसिंहपुर (सुल्तानपुर)। तहसील क्षेत्र की बिजली आपूर्ति समस्या जल्द दूर होगी। इसके लिए ट्रांसफार्मर से लेकर पावर हाउस तक की क्षमता बढ़ाई जाएगी। लो-वोल्टेज व अन्य समस्याओं को दूर करने के लिए विभाग ने रोड मैप तैयार किया है।
अधिशाषी अभियंता कार्यालय जयसिंहपुर के तहत आने वाले विद्युत उपकेंद्र दियरा, बीरसिंहपुर, उघड़पुर व कूरेभार में आ रही लोवोल्टेज की समस्याओं से क्षेत्र वासियों को जल्द ही राहत मिलने के आसार हैं। इसके लिए जहां इन 33 केवीए उपकेंद्र को उच्चीकृत कर यहां लगे पांच एमबीए के ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर 10 एमबीए की जाएगी, वहीं इन उपकेंद्रों के गांव में लगे 225 छोटे ट्रांसफार्मरों की भी क्षमता बढ़ाई जाएगी।
इसके साथ ही क्षेत्र में ढीले व जर्जर तारों को भी बदला जाएगा। ग्रामीणों की समस्याओं व मांग को देखते हुए शासन से कार्यों को कराने के लिए वित्तीय स्वीकृति भी मिल गई है। टेंडर प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है। आने वाले कुछ दिनों में क्षेत्रवासियों को बिजली व्यवस्था में सुधार दिखेगा।
5.25 करोड़ से होगी उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि
चार उपकेंद्रों दियरा, बीरसिंहपुर, कूरेभार व उघड़पुर की क्षमता वृद्धि के लिए शासन से 5.25 करोड़ की वित्तीय स्वीकृत मिली है। एक उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाने व विद्युत सुधार के लिए लगभग एक करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। बची हुई धनराशि से ढीले व जर्जर तार पर खर्च होंगे।
अधिसूचना खत्म होने के बाद शुरू होगा काम
अधिशाषी अभियंता जयसिंहपुर संजय कुमार यादव ने बताया कि कार्यों को कराने के लिए शासन से अनुमति व वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। अधिसूचना समाप्त होते ही काम शुरू कराकर जल्द ही लोगों को बिजली संबंधी समस्या से निजात दिलाया जाएगा।