भदैंया (सुल्तानपुर)। रामगंज राजबहा में गेहूं की बोआई के समय नहरों में पानी नहीं आ रहा है। किसानों को सिंचाई योजना का लाभ भी नहीं मिल रहा है। नहर किनारे के किसान अब तालाबों में इंजन व पंपिंग सेट लगाकर पलेवा करने को मजबूर हैं। सैकड़ों बीघे खेत नहर के पानी के इंतजार में परती पड़े हैं। गेहूं की बोआई भी पिछड़ती जा रही है। पिछेती गेहूं में पैदावार कम होती है।
भदैंया विकास खंड से गुजरी रामगंज रजबहा शारदा सहायक खंड-49 से निकली है। राजबहा में धान की फसल सीजन से करीब छह माह से पानी नहीं आया है। अच्छी पैदावार के लिए गेहूं की बोआई का उपयुक्त समय 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक निर्धारित है। नवंबर महीना बीतने को है, और नहर में पानी नहीं आ रहा है। खेतों को धान कटाई के बाद पानी के इंतजार में बोआई नहीं कर पा रहे हैं। सूखे खेतों को पलेवा करने को गेहूं की बोआई से पहले किसान तालाबों व पोखरों में पंपिंग सेट व जनरेटर के सहारे सिंचाई करने को विवश हैं।
नहर के भरोसे 80 फीसदी किसानों की होती खेती
रामगंज रजबहा में पानी नहीं छोड़े जाने से उससे जुड़े बभनगंवा, रामगढ़, भुआपुर व सकवा माइनरों में हेड से टेल तक पानी नहीं आ रहा है। क्षेत्रीय किसान सुधाकर मिश्र, श्यामकरन, सुरेश मौर्य, कमलेश मौर्य, संतराम चौहान, रणजीत सिंह आदि का कहना है कि निशुल्क सिंचाई के नाम पर ठगा जा रहा है। किसानों ने जिलाधिकारी से नहर में पानी छोड़े जाने की मांग की है।
-
जरूरत के समय अधिकारी नहर सफाई का करते हैं खेल
क्षेत्र के पन्ना टिकरी गांव के किसान अनुपम पाठक कहते हैं कि गेहूं की बोआई व आलू की सिंचाई के समय नहर सूखी होना दुखद है। बरुई गांव के अमित मिश्र ने कहा कि नहर में पानी नहीं आने से गेहूं की बोआई पिछड़ रही है। संसारीपुर के जितेंद्र सिंह ने बताया कि नहर में पानी के समय सफाई होना किसानों के साथ छल है। अभियाकलां के दिव्यांशु शुक्ल बताते हैं कि हर साल नहर विभाग के अधिकारी पानी देने के समय खोदाई का खेल करते हैं।
दिसंबर में छोड़ा जाएगा पानी
अभी नहर में पानी आने का रोस्टर नहीं है। रजबहा में पानी आने के बाद माइनरों व अल्पिकाओं में पानी पहुंचाया जाएगा। हर साल की तरह इस बार भी 15 दिसंबर के बाद ही नहर में पानी छोड़ा जाएगा। - मुकेश कुमार, अवर अभियंता नहर विभाग खंड-49।