कादीपुर। शुक्रवार शाम विद्युत उपकेंद्र बझउआ के पावर हाउस से निकलने वाला मुख्य केबल क्षतिग्रस्त होने से कादीपुर और आसपास के गांवों की बिजली आपूर्ति साढ़े पांच घंटे ठप रही। इससे करीब 20 हजार आबादी प्रभावित हुई। अवर अभियंता सुनील चौधरी ने लाइनमैनों को फॉल्ट तलाशने में लगाया। करीब साढ़े पांच घंटे की मशक्कत के बाद रात 11 बजे क्षतिग्रस्त केबल का पता चला। इसके बाद केबल को अस्थायी रूप से ठीक कर आपूर्ति बहाल की गई। अवर अभियंता ने बताया कि केबल की व्यवस्थित मरम्मत रविवार को कराई जाएगी।
एक सप्ताह से जला पड़ा ट्रांसफार्मर
भदैंया के महमूदपुर गांव में पिछले एक सप्ताह से ट्रांसफार्मर जला पड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। बिजली न मिलने से मोबाइल चार्जिंग, पेयजल और घरेलू कामकाज प्रभावित हैं। ग्रामीण मुकीस, मुकीम और अंसार अहमद ने जिलाधिकारी से ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की है।