प्यारेपट्टी के पास फॉल्ट ठीक करते विद्युत निगम के कर्मी। -स्रोत : विभाग
भदैंया। पयागीपुर से लोलेपुर और केएनआई उपकेंद्र जाने वाली एचटी लाइन का केबिल बॉक्स सोमवार की सुबह 11:30 बजे फुंक गया। इससे दोनों उपकेंद्रों के 60 से अधिक गांवों में करीब पांच घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। बिजली न आने से उपभोक्ता रवि, शोभनाथ, जफ्फार, सुरेश गुप्ता, गोलू, सूरज सिंह और इरफान आदि ने बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया तो फॉल्ट का पता चला। कर्मियों ने बताया कि प्यारेपट्टी के पास केबल बॉक्स फुंक गया है, मरम्मत चल रही है। कटौती के दौरान लोलेपुर, भुलकी, सोनबरसा, पखरौली समेत 60 से अधिक गांवों के लोग दोपहर में गर्मी से परेशान हुए। शाम करीब चार बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई तो लोगों ने राहत महसूस की। अवर अभियंता लोलेपुर हिम्मत सिंह ने बताया कि केबल बॉक्स ठीक कराकर आपूर्ति बहाल करा दी गई।