भदैंया में सड़क पर लगा जामा। -संवाद
भदैंया (सुल्तानपुर)। लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग की पखरौली रेलवे क्राॅसिंग पर रविवार को सुबह 10 से शाम आठ बजे तक रोड ब्लॉक लिया गया। इसके चलते राजमार्ग से गुजरने वाले वाहनों को एकल मार्ग दोमुहां-पखरौली गांव के वैकल्पिक रास्ते से गुजारा गया। एकल मार्ग से आवागमन करने वाले वाहनों की भीड़ बढ़ने पर पखरौली रोड व अयोध्या बाईपास पर घासीपुर से कमनगढ़ तक जाम लग गया। जाम में फंसकर वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी।
पखरौली रेलवे क्राॅसिग 69-बी पर शनिवार की तरह रविवार सुबह भी 10 बजे से शाम आठ बजे तक रेलवे की ओर से रोड ब्लॉक लिया गया। इस दौरान डाउन लाइन के रेल ट्रैक को दुरुस्त किया गया। ब्लॉक के दौरान राजमार्ग से गुजरने वालों वाहनों को एकल पखरौली-दोमुहां वैकल्पिक रास्ते से गुजारा गया। एकल मार्ग पर बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही की वजह से कई बार भीषण जाम लगा।
पखरौली रोड पर जाम की स्थिति बनी रही। कोतवाली देहात पुलिस को जाम खुलवाने के लिए आना पड़ा। इसके साथ ही अयोध्या बाईपास पर घासीपुर से कमनगढ़ तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। ओवरब्रिज तक वाहनों की लाइनें लगी रहीं। पुलिस ने जाम लगने पर भारी वाहनों को राजमार्ग पर ही रोक दिया। एकल मार्ग का जाम खत्म होने के बाद राजमार्ग पर खड़े वाहनों को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। जाम में फंसने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।