कुड़वार नाका के पास फ्लाईओवर निर्माण कार्य के दौरान दो दिन पहले खोदाई से बीएसएनएल की अंडरग्राउंड केबल क्षतिग्रस्त हो गई। केबल कटने से निरालानगर व करौंदिया की इंटरनेट व ब्रॉडबैंड सेवाएं ठप हो गई हैं। लैंडलाइन फोन भी शोपीस बन गए हैं। करीब एक हजार उपभोक्ता परेशानी झेल रहे हैं।
शहर के कुड़वार नाका के पास फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण स्थल पर ब्रिज के पिलर आदि के कार्य के चलते सड़क की पटरियों के आसपास खोदाई की जा रही है। बीते मंगलवार को बीएसएनएल की भूमिगत केबल क्षतिग्रस्त हो गई।
केबल के क्षतिग्रस्त होने से निरालानगर, करौंदिया समेत अन्य स्थानों पर इंटरनेट व ब्रॉडबैंड सेवा पूरी तरह से ठप हो गई। इससे बीएसएनएल के तकरीबन एक हजार उपभोक्ताओं के कामकाज प्रभावित हो गए हैं। उपभोक्ताओं ने नेट कनेक्टिविटी ठप होने की शिकायत तत्काल दूर संचार निगम लिमिटेड के अधिकारियों के पास दर्ज करानी शुरू कर दी।
शिकायत दर्ज होने के दो दिन बाद भी केबल को ठीक नहीं किया जा सका। बृहस्पतिवार को भी निरालानगर व करौंदिया में बीएसएनएल के उपभोक्ता ब्रॉडबैंड सुविधा से वंचित रहे। इसके कारण व्यापारिक प्रतिष्ठानों के कामकाज भी प्रभावित हुए हैं। नेट से जुड़े कार्यों के लिए उपभोक्ताओं को अन्य स्थानों के साइबर कैफे का सहारा लेना पड़ा।
बीएसएनएल के उप मंडल अभियंता ओपी वर्मा ने बताया कि फ्लाईओवर के निर्माण कार्य के दौरान केबल कटी थी। उसकी वजह से दूरसंचार सेवाएं ठप हो गई हैं। शनिवार तक केबल को सही करा दिया जाएगा।