सुल्तानपुर। हलियापुर बेलवाई मार्ग पर स्थित बरौला गांव के पास शुक्रवार की दोपहर एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे विद्युत पोल से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार बीएसएफ जवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
गोसाईगंज थाना क्षेत्र के देनवा गांव निवासी अखिलेश तिवारी (42) पुत्र देवेंद्र तिवारी उर्फ कल्लू बीएसएफ में तैनात थे। मार्च माह में छुट्टी लेकर वे गांव आए थे। शुक्रवार की दोपहर अखिलेश तिवारी अपनी पत्नी के साथ बुआ के घर बेरूगंज से वापस घर लौट रहे थे।
रास्ते में कूरेभार थाना क्षेत्र के बरौला गांव के पास अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे विद्युत पोल से टकरा गई। हादसे में अखिलेश तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
स्थानीय लोगों ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अखिलेश तिवारी की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।