सुल्तानपुर। मानदेय, अभिलेख सत्यापन एवं मौलिक नियुक्ति की मांग कर रहे टीईटी संघर्ष मोर्चा के लोग बुधवार को भड़क गए। मांग को लेकर बीएसए कार्यालय पर प्रदर्शन कर रहे संघर्ष मोर्चा के सदस्यों ने कार्यालय में बैठे बीएसए व वित्त एवं लेखाधिकारी को कार्यालय में बंधक बना लिया। प्रदर्शनकारियों ने बाहर से ताला जड़कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब एक घंटे बाद बीएसए की ओर से तीनों मांगों पर शपथ पत्र पर लिखित आश्वासन देेने के बाद प्रदर्शनकारियों ने उन्हें छोड़ा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार को मानदेय भुगतान, अभिलेखों के सत्यापन एवं मौलिक नियुक्ति की मांग को लेकर टीईटी संघर्ष मोर्चा के लोग बीएसए कार्यालय पर प्रदर्शन करने पहुंचे। सुबह से चल रहे प्रदर्शन एवं धरने के दौरान कोई सुनवाई नहीं होने पर प्रदर्शनकारियों का गुस्सा भड़क गया। प्रदर्शनकारियों ने दफ्तर में बैठे बीएसए व वित्त एवं लेखाधिकारी को घेर लिया और बाहर से उनके कार्यालय में ताला जड़ दिया।
कार्यालय में ताला डालकर लोग नारेबाजी करने लगे। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद बीएसए व वित्त एवं लेखाधिकारी प्रदर्शनकारियों से वार्ता पर राजी हुए। वार्ता के दौरान प्रशिक्षु शिक्षकों ने वित्त एवं लेखाधिकारी के शपथ पत्र पर बीएसए रमेश यादव से तीनों मांगों का लिखित अनुमोदन लिया। शपथ पत्र पर तीनों मांगें पूरी नहीं होने पर वित्त एवं लेखाधिकारी एवं बीएसए की ओर से भविष्य के प्रदर्शन की जिम्मेदारी स्वयं लेने के बाद प्रशिक्षु शिक्षकों ने दोनों अधिकारियों को छोड़ा।
मांग नहीं माने जाने पर प्रशिक्षु शिक्षकों ने 11 अगस्त को फिर आंदोलन करने का ऐलान किया है। प्रदर्शनकारियों में टीईटी संघर्ष मोर्चा के जिलाध्यक्ष चित्रसेन राय, विनय पांडेय, सुरेश मिश्रा, प्रवीण शुक्ला, सिद्घार्थ शंकर, सत्येंद्र मिश्रा, श्रुति सिंह, दिव्या सिंह, अपर्णा शुक्ला, इंद्रबहादुर यादव समेत बड़ी संख्या में प्रशिक्षु शिक्षक शामिल रहे।