फुरसतगंज। जायस के शेखाना मोहल्ले में रविवार देर रात शराब के लिए रुपये न मिलने पर युवक ने झोपड़ी में सो रहे अपने भाई और उसकी पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इससे पति-पत्नी गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद रायबरेली एम्स रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पीड़ित वीरू (32) ने बताया कि उसका भाई ननकऊ (35) शराब का लती है। रविवार शाम ननकऊ ने उसकी पत्नी सीमा (30) से शराब के लिए रुपये मांगे। मना करने पर उसने सीमा की पिटाई कर दी। रात में पन्नी की झोपड़ी में जब वह पत्नी के साथ सो रहा था, तभी ननकऊ ने उन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और आग पर काबू पाया। दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी फुरसतगंज भेजा गया।
अधीक्षक डॉ. अभिषेक शुक्ल ने बताया कि वीरू लगभग 24 प्रतिशत और सीमा 14 प्रतिशत तक झुलसी हैं। इंस्पेक्टर अमरेंद्र सिंह ने बताया कि ननकऊ दिव्यांग और मानसिक रूप से अस्वस्थ है। दोनों भाई कबाड़ बीनकर जीवनयापन करते हैं और सड़क किनारे झोपड़ी बनाकर रहते हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि झोपड़ी में रखे कूड़े में बीड़ी की चिंगारी से आग लग सकती है। हालांकि पीड़ित पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप अपने भाई पर लगा रहा है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घायलों की हालत खतरे से बाहर है। कहा कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।