बंधुआकलां (सुल्तानपुर)। असरोगा विद्युत उपकेंद्र के मुड़ुई-नेवादा के पास शनिवार की शाम हाईटेंशन लाइन का तार टूट गया। इससे आसपास के इलाकों के कई गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। बिजली गुल होने से भीषण गर्मी में करीब 40 हजार आबादी को पांच घंटे परेशानी हुई। हालांकि कर्मियों ने रात में ही तार को जोड़कर आपूर्ति बहाल कर दी।
गर्मी बढ़ते ही विद्युत कटौती शुरू हो गई है। सबसे बुरा हाल ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों का है। गेहूं की मड़ाई के चलते अप्रैल से ही दिन की बिजली कटौती की जा रही है। अधिकतर किसानों ने गेहूं की कटाई-मड़ाई का कार्य पूरा कर लिया है। इसके बाद भी विभाग की ओर से दिन में कटौती की जा रही है।
भीषण गर्मी में बिजली नहीं रहने से लोगों की परेशानी बढ़ जाती है। शनिवार की शाम करीब छह बजे पयागीपुर से असरोगा उपकेंद्र को जाने वाली हाईटेंशन लाइन का तार मुड़ुई-नेवादा के पास टूट गया था। इससे 40 हजार घरों में अंधेरा छा गया। एक-डेढ़ घंटे में लोगों के घरों में लगे इन्वर्टर भी जवाब दे दिए। सबसे ज्यादा दिक्कत घर में काम करने वाली महिलाओं को हुई। अंधेरे में मोबाइल व इमरजेंसी लाइट जलाकर खाना बनाना पड़ा। हाईटेंशन लाइन तार टूटने की सूचना पर बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। एसडीओ प्रशांत शेखर श्रीवास्तव ने बताया कि रात 11 बजे टूटे तार को जोड़कर आपूर्ति बहाल करा दी गई।
बिजली की ट्रिपिंग से हलकान रहे शहरवासी
सुल्तानपुर। भीषण गर्मी में बिजली की खपत बढ़ गई है। शहर के फीडर ओवरलोड हैं। आलम यह है कि हर दो घंटे पर ट्रिपिंग हो रही है। इससे शहरवासी परेशान हैं। शनिवार की रात 10 बजे दरियापुर, राइननगर, खैराबाद व पंचरास्ते इलाके में बिजली की आवाजाही शुरू हो गई। उपभोक्ताओं की शिकायत के बाद भी पूरी रात ट्रिपिंग की समस्या बरकरार रही। इससे मोहल्ले के लोगों को पूरी रात जागकर बितानी पड़ी। वहीं विभागीय अधिकारी ओवरलोड बताकर अपना पल्ला झाड़ ले रहे हैं। ऐसे में शहर का ऐसा कोई मोहल्ला नहीं है, जहां दिन भर में 10-15 बार ट्रिपिंग होने की वजह से विद्युत कटौती न होती हो।