सुल्तानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक मई को बस से अकबरपुर जा रहे बस्ती के थोक सराफा व्यापारी के जेवरात चोरी होने की घटना का स्वाट टीम व कूरेभार थाने की पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को पुलिस ने पकड़ा है। उनके पास से लगभग 9.26 लाख के जेवरात व 1.74 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई है।
बस्ती के दावरपारा थाना क्षेत्र हर्रेया निवासी राहुल त्रिपाठी की कानपुर बिरहाना रोड पर होल सेल की ज्वेलर्स की दुकान है। राहुल का आरोप है कि वह एक मई को बैग में कुछ डायमंड, सोने व चांदी के आभूषण लेकर बस से पूर्वाचल एक्सप्रेसवे से होकर अकबरपुर सामान दिखाने जा रहा था। उसका कुछ काम सुल्तानपुर में भी था। इस वजह से रात में ही वह कूरेभार थाना क्षेत्र में किमी. संख्या 123 पर उतरने लगा। जब उसने बस में बैग खोजना शुरू किया तो उसका बैग नहीं मिला। रास्ते में उसे नींद आ गई थी। इसी बीच उसका बैग किसी ने चोरी कर लिया था। उसकी तहरीर पर कूरेभार थाने की पुलिस ने तीन मई को केस दर्ज किया था।
मुखबिर की सूचना पर सुबह स्वाट टीम व कूरेभार थाने की पुलिस ने मुजेश गांव के निकट अंडरपास के पास से गुुजर रही कार को रोका। कार में सवार मोहम्मद सोनू निवासी धनापुर प्रयागराज, अंकुर उपाध्याय निवासी रामपुर अहिरौली थाना हैदरगंज अयोध्या, रूद्र सिंह निवासी सेमरी वल्लीपुर थाना हैदरगंज अयोध्या व धर्मेन्द्र कुमार सोनी निवासी खाले का पुरवा थाना कोतवाली अयोध्या को पुलिस ने पकड़ा। तलाशी में सोनू के पास से एक असलहा, एक कारतूस, 48 हजार रुपये व जेवर बरामद हुए। अंकुर उपाध्याय के पास से 45 हजार रुपये, एक असलहा, एक कारतूस व जेवरात, रूद्र सिंह के पास से जेवरात व 41 हजार रुपये, धर्मेंद्र के पास से 40 हजार रुपये व जेवरात मिले।
एएसपी अरुण चंद्र ने बताया कि व्यापारी राहुल ने गहनों की पहचान कर ली है। करीब 11 लाख के गहने चोरी हुए थे। उसमें से कुछ गहने पहले ही आरोपियों ने बेच दिए थे। गहने बेचने से चारों आरोपियों को 1.74 लाख रुपये मिले थे। रुपये उन लोगों ने आपस में बांट लिए थे।