सुल्तानपुर। शहर में डीएम आवास के नजदीक नाली की पुलिया को दो महीने पूर्व तोड़ने के बाद नगर पालिका के अफसर भूल गए। इससे रोज सैकड़ों लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। इस रास्ते से चार पहिया वाहन नहीं निकल पा रहे हैं।
बस स्टेशन से गोलाघाट मार्ग पर डीएम आवास के ठीक पहले करीब पांच फीट चौड़ी नाली है। इस नाली पर 10 फीट चौड़ी पुलिया बनी थी। यह नाली लंबे समय से चोक थी। करीब दो महीने पहले नगर पालिका ने नाली पर बनी पुलिया को जलनिकासी के लिए तोड़वा दिया था। तब से नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी देखते तक नहीं पहुंचे।
इस मार्ग से करीब 50 घरों के लोगों का आना-जाना है। आंख का एक निजी अस्पताल भी इसी मार्ग पर है। दो-तीन बड़ी कोचिंग, खादी ग्रामोद्योग व नेहरू युवा केंद्र का कार्यालय भी है। तमाम छात्र-छात्राएं भी किराए का कमरा लेकर पढ़ाई करते हैं। इधर से बड़ी संख्या में रोज लोगों का आना-जाना होता है।
पुलिया तोड़ने से चार पहिया वाहन भी नहीं गुजर पा रहे हैं। बाइक, साइकिल सवार व पैदल चलने वालों के सामने भी आवाजाही में जोखिम बना है। स्थानीय लोगों ने कई बार नगर पालिका के अधिकारियों से इसकी शिकायत भी की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मोहल्ले के नवीन शुक्ला, पंकज त्रिपाठी, वाईपी साही व राकेश सिंह ने डीएम से नाली की पुलिया का निर्माण कराने की मांग की है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी श्यामेंद्र मोहन ने बताया कि नाली की पुलिया के निर्माण का प्रस्ताव बन गया है। इसकी स्वीकृति के लिए डीएम के पास फाइल भेजी गई है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।