सुल्तानपुर। बल्दीराय क्षेत्र के हेमनापुर में ग्राम प्रधान के चुनाव को लेकर बुधवार रात फायरिंग हुई और बम चले। आरोप है कि जेल में निरुद्ध संभावित प्रत्याशी के घर पर दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला किया। घटना में दोनों पक्ष की ओर से फायरिंग की गई।
फायरिंग के दौरान हाथ में बम फटने से एक हिस्ट्रीशीटर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के पास से दो तमंचे, कारतूस व चार सुतली बम बरामद हुए हैं। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
बल्दीराय क्षेत्र के महमूदपुर गांव निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य राकेश उर्फ दरोगा यादव की गांव के ही राकेश यादव से रंजिश चल रही है। दरोगा यादव के भाई सुरेश यादव की पत्नी साधना यादव पिछली बार हेमनापुर ग्राम पंचायत की प्रधान थी।
चार अगस्त 2019 को साधना यादव के पति सुरेश यादव की वलीपुर बाजार में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के आरोप में राकेश यादव समेत कई लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया था। राकेश अभी भी जिला कारागार में निरुद्ध है।
पूर्व प्रधान साधना यादव पत्नी स्व. सुरेश यादव और राकेश यादव हेमनापुर से ग्राम प्रधानी का चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों पक्षों की ओर से इस मुद्दे पर जोर आजमाइश चल रही है।
आरोप है कि बुधवार की रात करीब 10 बजे दरोगा यादव पक्ष के जग नरायन उर्फ जग्गा निवासी दौलतपुर कुछ अन्य लोगों के साथ असलहा और बम लेकर जेल में निरुद्ध राकेश यादव पुत्र महावीर के घर पर हमला कर दिया। हमले को देखते हुए राकेश यादव के भाई रंजीत यादव, दुर्गेश और आशाराम ने जवाबी फायरिंग शुरू कर दी।
दोनों पक्ष से कई चक्र फायरिंग की गई। बम फटने से जग नरायन उर्फ जग्गा गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने फायरिंग और बमबाजी की सूचना पुलिस को दे दी।
मौके पर पहुंचे एसओ बल्दीराय अमरेंद्र सिंह व अन्य पुलिस कर्मियों ने एक पक्ष से घायल जग नरायन उर्फ जग्गा, इच्छानाथ यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य दरोगा यादव और दूसरे पक्ष से रंजीत यादव, दुर्गेश और आशाराम को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को मौके से दो तमंचा, कारतूस और चार सुतली बम मिले। पुलिस ने जग नरायन उर्फ जग्गा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने हालत नाजुक होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया।
पुलिस ने बरामद बमों को पानी में डालकर निष्क्रिय कर दिया। पुलिस ने एक पक्ष के पूर्व जिपं सदस्य दरोगा यादव, इच्छानाथ यादव और दूसरे पक्ष से रंजीत यादव, दुर्गेश और आशाराम को जेल भेज दिया है।
दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज : एसपी
एसपी डॉ. विपिन मिश्र ने बताया कि दोनों पक्ष के बीच वर्ष 2011 से रंजिश चल रही है। ग्राम प्रधान के चुनाव को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने हैं। इसे लेकर जग नरायन उर्फ जग्गा आदि हमला करने पहुंचे थे। दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग और बमबाजी की गई।
पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया हिस्ट्रीशीटर अपराधी जग नरायन उर्फ जग्गा के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। एसपी के सामने लाए गए रंजीत यादव पक्ष के आशाराम ने कहा कि बल्दीराय एसएचओ ने उसे फंसाने के लिए खुद ही बम बनवाया है। हालांकि उसके इस आरोप पर पुलिस ने कहा कि ये बात अब न्यायालय में करना।
पोस्टर फाड़ने को लेकर बढ़ा विवाद
वलीपुर। हेमनापुर से प्रधानी का चुनाव लड़ रही साधना यादव पत्नी स्व. सुरेश यादव का दौलतपुर में लगाया गया पोस्टर फाड़ दिया गया था। दूसरे पक्ष के लोगों ने बुधवार को जिला कारागार में निरुद्ध राकेश यादव का पोस्टर फाड़ दिया। पोस्टर फाड़ने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ा जिसके बाद बुधवार रात फायरिंग और बमबाजी की घटना हुई।