कूरेभार। गोमती नदी में डूबे बहादुर मठिया निवासी सूरज वर्मा (19) का शव सोमवार को दूसरे दिन नीरसहिया पुल के पास मिल गया। स्थानीय ग्रामीणों ने नदी में शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूरज पांच दिन पहले ही मेरठ से घर आए थे।
ग्रामीणों के मुताबिक, रविवार को निर्माणाधीन नीरसहिया पुल का निरीक्षण करने सेतु निगम और प्रशासन के अधिकारी पहुंचे थे। इसकी जानकारी पर बहादुर मठिया गांव के कई लोग भी नदी के दूसरी ओर गए थे। शाम को लौटते समय नदी पार करने के लिए एक ही नाव उपलब्ध थी। ऐसे में कुछ युवक तैरकर नदी पार करने लगे। सूरज भी उनके साथ थे।
अन्य युवक सुरक्षित नदी पार कर गए, लेकिन किनारे पहुंचने से पहले सूरज नदी में बने भंवर की चपेट में आकर डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। सूचना पर सूरज के परिजन भी नदी किनारे पहुंच गए। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रविवार देर रात तक नदी में तलाश कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली।
कूरेभार थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।