सुल्तानपुर। धनपतगंज के हरौरा गांव से मंगलवार को दो दिनों से लापता छात्र का शव बृहस्पतिवार को कूरेभार के बीकापुर गांव के नजदीक नहर के फाटक के पास पानी में उतराता मिला। परिजनों ने शव की शिनाख्त की।
हरौरा गांव के अजय यादव ट्रक चलाते हैं। अजय के मुताबिक, उनका पुत्र शिव कुमार यादव (19) ग्रामोदय इंटर काॅलेज पीपर गांव में कक्षा 12 का छात्र था। शिव कुमार मंगलवार शाम घर से हरौरा बाजार गया था। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर काफी तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। परिजनों ने धनपतगंंज थाने में गुमशुदगी का केस दर्ज कराया। बृहस्पतिवार सुबह छह बजे ग्रामीणों ने कूरेभार के बीकापुर गांव के पास एक युवक का शव पानी में उतराता देखा।
पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकाला। शव की पहचान अजय यादव ने अपने पुत्र शिव कुमार के रूप में की। परिजनों ने नहर में डूबने से मौत की आशंका जताई है। वह दो भाइयों में बड़ा था। उसकी मौत से परिवार में चीख-पुकार मची है। धनपतगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण यादव ने बताया कि शव को कूरेभार पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, रिपोर्ट मिलने पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।