गोसाईगंज। रामचंद्रपुर गांव स्थित पुल से बुधवार सुबह नहर में कूदी विवाहिता का शव शुक्रवार को 48 घंटे बाद कादीपुर के सलाहपुर फाटक के पास मिला। कादीपुर पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर परिजनों से शिनाख्त कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।
शव की शिनाख्त करने पहुंची मृतका की मां मूंगर तुरकहिया निवासी ममता ने बताया कि हकीकुल की शादी 25 नवंबर 2025 को बेनी का पुरवा (मूंगर) निवासी शमशाद से हुई थी। उसका मायका मूंगर तुरकहिया में है। परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह पति-पत्नी के बीच फोन पर विवाद हुआ था, जिसके बाद तलाक होने की बात सामने आई। आरोप है कि विवाद की वजह दहेज की मांग थी। हकीकुल चार भाइयों और तीन बहनों में छोटी थी। घटना के समय उसकी चप्पल और छाता नहर पुल पर मिले थे।
शुक्रवार को घटना के लगभग 48 घंटे बाद रामचंद्रपुर से 30 किमी दूर कादीपुर के सलाहपुर फाटक के पास हकीकुल का शव मिला। कादीपुर व गोसाईगंज पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। गोसाईगंज थानाध्यक्ष अखंड देव मिश्र ने बताया कि पानी का बहाव तेज होने से शव काफी दूर तक बह गया था। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।