सुल्तानपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा मंगलवार से जिले के 105 केंद्रों पर शुरू होगी। परीक्षा में 80,784 परीक्षार्थी शामिल होंगे। केंद्रों पर परीक्षा कक्षों में परीक्षार्थियों के रोल नंबर वाली डेस्क स्लिप चिपकाई गई है। साथ ही हर कक्ष के द्वार पर सिटिंग प्लान भी लगाया गया है। मुख्य द्वार पर मास्टर सिटिंग प्लान चिपकाए गए हैं, ताकि परीक्षार्थियों को अपना कक्ष खोजने में समस्या न हो।
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले के 105 केंद्रों को पांच जोन व 27 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन का जोनल मजिस्ट्रेट संबंधित उपजिलाधिकारी को बनाया गया है। सदर तहसील में छह सेक्टर, बल्दीराय में तीन सेक्टर, कादीपुर में आठ सेक्टर, लंभुआ में पांच सेक्टर व जयसिंहपुर में पांच सेक्टर बनाए गए हैं।
प्रत्येक सेक्टर के अधीन न्यूनतम तीन व अधिकतम आठ सेंटर आवंटित हुए हैं। सभी तहसीलदार, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिलापूर्ति अधिकारी, सहायक आयुक्त राज्यकर, जिला सेवायोजन अधिकारी, जिला गन्ना धिकारी व कई खंड विकास अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी दी गई है। परीक्षा में कुल 80,784 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
इसमें हाईस्कूल के 45,081 व इंटरमीडिएट के 35,703 परीक्षार्थी शामिल हैं। परीक्षा के दौरान केंद्रों तक बच्चों को सकुशल पहुंचाने व ले आने के लिए शासन के निर्देश पर रोडवेज बसों का भी संचालन किया जाएगा। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग के मुख्यालय से संयुक्त शिक्षा निदेशक एसआर सोनी को मॉनिटरिंग के लिए भेजा गया है। नवागत डीआईओएस श्याम किशोर तिवारी के साथ जेडी भी परीक्षा की व्यवस्था पर नजर रखेंगे।
यूपी बोर्ड परीक्षा में 105 केंद्रों पर कुल 3856 कक्ष निरीक्षक लगेंगे। इसमें 746 कक्ष निरीक्षक बेसिक स्कूलों से लिए जाएंगे। जबकि 3110 कक्ष निरीक्षक माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक/कर्मी होंगे। जिन बेसिक शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है, उन्हें उसी तिथियों में ही विद्यालय से अवकाश मिलेगा, जब वे परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी में होंगे।