सुल्तानपुर। पंचायत चुनाव के घर-घर सर्वे में विलोपन, संशोधन व नाम बढ़ाने के लिए चिह्नित किए गए लोगों की हस्तलिखित पांडुलिपि सोमवार तक बीएलओ को उपजिलाधिकारी कार्यालयों में जमा करना होगा। इसके बाद कंप्यूटरीकृत सूची तैयार होगी। अधिकारियों के निर्देश पर बीएलओ ने पांडुलिपियां जमा करना शुरू कर दिया है।
पंचायत चुनाव के तहत जिले की 979 ग्राम पंचायतों का सर्वे कराया गया है। सर्वे की समय सीमा 29 सितंबर को समाप्त होने के बाद भी कई गांवों का सर्वे नहीं हो सका था। कई जिलों की स्थिति को देखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने हस्तलिखित पांडुलिपियों को जमा करने की तिथि 13 अक्तूबर तक बढ़ा दी थी। इस दौरान पांडुलिपियों को तैयार करने व बचे कार्य पूरे करने का निर्देश दिया था। सोमवार को यह तिथि समाप्त हो रही है। इसे देखते हुए अधिकारियों ने बीएलओ पर शिकंजा कस दिया है। उपजिलाधिकारियों के निर्देश के बाद पांडुलिपियां जमा होने लगी हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव शुक्ल ने बताया कि पांडुलिपियां जमा होने के बाद कंप्यूटरीकृत सूची तैयार होगी।