रविवार रात कूरेभार थाने के बाहर इकट्ठा भाकियू के कार्यकर्ता।
सुल्तानपुर। कार्यकर्ता को छुड़ाने के लिए भारतीय किसान यूनियन (श्रमिक जनशक्ति) ने रविवार शाम कूरेभार थाने में प्रदर्शन किया। करीब 12 घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद भी पुलिस ने कार्यकर्ता को नहीं छोड़ा।
भाकियू के जिलाध्यक्ष इतबार खां के नेतृत्व में रविवार को कौड़ियावां गांव में साप्ताहिक बैठक हुई। यहां जानकारी हुई कि मुसहर नचना (तिवारी का पुरवा) का कार्यकर्ता श्यामलाल यादव अपने बड़े भाई राजकुमार से मिलने कूरेभार थाने गए थे। पुलिस ने भाई के साथ ही बिना किसी वजह के श्यामलाल को भी बंद कर दिया।
रविवार शाम छह बजे लामबंद होकर भाकियू के कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष की अगुवाई में थाने पहुंच गए। रातभर चले प्रदर्शन के बाद भी भाकियू के पदाधिकारी अपने कार्यकर्ता को छुड़ाने में असफल रहे और सोमवार सुबह छह बजे थाने से वापस लौट गए। जिला उपाध्यक्ष बृज बिहारी यादव ने कहा कि अनायास कार्यकर्ता को बंद करना पुलिस को भारी पड़ेगा। जल्द ही इस मामले को लेकर बड़ी पंचायत लगाई जाएगी।
प्रदर्शन करने वालों में मो. अमीन खां, शेर अली, सरस्वती, तारा, सुंदरी, हौसिला प्रसाद, अच्छेलाल मौजूद रहे। कूरेभार थाना प्रभारी ने बताया कि मारपीट के मामले मेंं श्यामलाल और राजकुमार को पकड़ा गया था, जिनका शांतिभंग में चालान किया गया है।