चांदा (सुल्तानपुर)। स्थानीय कस्बे में शनिवार को बकाया बिल वसूली शिविर में बिजली कर्मियों को पुलिस सुरक्षा दी गई। शुक्रवार दोपहर कोइरीपुर में अवर अभियंता पर नगर पंचायत चेयरमैन के पति ने अपने भाइयों के साथ मिलकर हमला कर दिया था।
कस्बा चांदा को विद्युत उपकेंद्र ढाखापुर से आपूर्ति की जाती है। अवर अभियंता मनीष वर्मा के नेतृत्व में शनिवार को कस्बे में बकाया बिल की वसूली के लिए अभियान चलाया गया। उपभोक्ताओं को मौके पर ही बिल जमा करने के लिए प्रेरित किया गया। जेई मनीष वर्मा ने बताया कि किसी उपभोक्ता का कनेक्शन काटा नहीं गया है। बकायेदारों को पार्ट पेमेंट के साथ बकाया जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर पंचायत कोइरीपुर में शुक्रवार दोपहर बाद अवर अभियंता आनंद जायसवाल व उनकी टीम पर हमला कर दिया गया था। इस मामले में जेई की शिकायत पर पुलिस ने चेयरमैन के पति व उनके भाइयों समेत अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था।